मुरहू प्रखंड सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर हुई बैठक

मुरहू: मुरहू प्रखंड सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री रंजीत कुमार सिन्हा ने की।
बैठक में जिला परिषद सदस्य श्रीमती नेलानी देमता, प्रमुख श्रीमती ऐलिस उरांव, उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू, मुखिया श्रीमती ज्योति धोधराय, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं प्रखंड के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं, जो आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिला परिषद सदस्य श्रीमती नेलानी देमता ने कहा कि इस बैठक से यह स्पष्ट हुआ कि सरकार प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के लिए गंभीर है। किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटे नहीं, इसके लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
बीडीओ श्री रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि मुरहू प्रखंड में कुल 67,000 मतदाता हैं, जिनमें से लगभग 50,000 मतदाताओं का सत्यापन (मैपिंग) किया जा चुका है। शेष मतदाताओं का कार्य 29 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक मतदाता गणना प्रपत्र का वितरण किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त तक मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित होगा तथा सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 7 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या संशोधन कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *