पुलिस–व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक में जाम और सुरक्षा पर चर्चा
गणादेश,रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा बुधवार को डेली मार्केट थाना में पुलिस–व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह, यातायात पुलिस के पवन कुमार तथा बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और क्षेत्र की समस्याओं पर संयुक्त समाधान खोजना था।
व्यापारियों ने मेन रोड की गलियों—ओसीसी कंपाउंड, एस.एन. गांगुली रोड, श्री विष्णु गली और लालजी हिरजी रोड—में ठेले-खोमचों व ई-रिक्शा के कारण होने वाले जाम की समस्या उठाई। कहा गया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान ठेले गलियों में स्थानांतरित हो जाते हैं, जिससे मुहानों पर लगातार जाम की स्थिति बनती है। दुकानों के बाहर नशेड़ियों के जमावड़े तथा रात में सुरक्षा की कमी पर भी चिंता व्यक्त की गई।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने शहर की छवि पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव का मुद्दा उठाया और नगर प्रशासक से वार्ता कर समाधान निकालने की बात कही। उन्होंने पुलिस संसाधन बढ़ाने की मांग भी रखी। बैठक में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मेंटेनेंस, ई-रिक्शा चालकों की काउंसिलिंग, रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के सुझाव दिए गए। थाना प्रभारी ने सभी मुद्दों पर सहयोग का आश्वासन दिया।



