एफजेसीसीआई द्वारा रांची साइक्लोथॉन 2025 का सफल आयोजन
गणादेश, रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (एफजेसीसीआई) ने बाइसाइकिल मेयर रांची के सहयोग से रांची साइक्लोथॉन 2025 का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मोरहाबादी स्टेट गेस्ट हाउस के समीप फ्लैग ऑफ के साथ हुई, जिसे चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा और स्पोर्ट्स उप समिति के चेयरमैन गौतम शाही ने संयुक्त रूप से किया।
सुबह 6:20 बजे 50 किमी तथा 6:30 बजे 25 किमी श्रेणी को रवाना किया गया। 25 किमी की रूट बुकरू तक और 50 किमी की रूट पिठोरिया घाटी से सिमलबेरा तक रही। समापन पर विजेताओं को राज्यसभा सांसद महुआ माजी और JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने पदक व ट्रॉफी प्रदान की।
विभिन्न श्रेणियों में 10 किमी जॉय राइड में राहुल रंजन सिन्हा व शाश्वत संकल्प विजेता रहे। 25 किमी MTB/हाइब्रिड में हर्ष रविंद्रन तथा निशा मिंज सबसे तेज़ महिला रहीं। 50 किमी MTB/हाइब्रिड में अहमद रज़ा और वंदना खेमका विजयी रहे, जबकि 50 किमी रोड श्रेणी में सुतत्व रिजू प्रथम रहे।
चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि साइक्लोथॉन का उद्देश्य शहर में साइक्लिंग को बढ़ावा देना और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। आयोजकों ने सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।



