खूंटी सहित पूरे झारखंड में एसटी–एससी–ओबीसी छात्रों की तीन वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति अविलंब जारी करने की पॉलिटिकाल नेता दिलीप मिश्रा ने की मांग
गणादेश,रांची: खूंटी जिले तथा पूरे झारखंड राज्य में एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति लंबे समय से लंबित होने पर चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड विकास मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।पत्र में उन्होंने बताया कि खूंटी जिले के लगभग 3,000 विद्यार्थियों सहित राज्यभर के करीब 7–8 लाख छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति लगभग तीन वर्षों से अटकी हुई है। छात्रवृत्ति न मिलने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई-लिखाई के लिए यह सहायता आवश्यक है और इसके बिना कई विद्यार्थी शिक्षा छोड़ने की कगार पर पहुंच रहे हैं।दिलीप मिश्रा ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि सरकार अन्य योजनाओं पर बजट खर्च कर रही है, परंतु होनहार विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति लंबित रखना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर छात्रवृत्ति राशि का आवंटन तत्काल सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सभी पात्र विद्यार्थियों को राहत मिल सके। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि राज्य के मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।



