सीएम हेमंत सोरेन के आदेश का भी मुरहू में नहीं हो रहा पालन,पेयजल की समस्या बरकरार है: उप प्रमुख

खूंटी : मुरहू प्रखंड के प्रखंड उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि 23 मई को मुख्यमंत्री  ने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल सुविधा बहाल रखने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद मुरहू प्रखंड के कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इस संबंध में मुरहू उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
उप प्रमुख ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सप्लाई होने वाला पानी मुरहू, कोड़केल, चमरा टोली एवं दूदरी गांव की जनता को पिछले लगभग 20 दिनों से नहीं मिल रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति की बैठक में उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता को इस समस्या से अवगत कराया था तथा कहा था कि प्रखंड में पानी की समस्या विभाग की लचर व्यवस्था के कारण उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुरहू द्वारा भी कई बार विभाग को निर्देश दिया गया, लेकिन विभाग की ओर से यह कहकर जिम्मेदारी टाली जा रही है कि ठेकेदार बात नहीं सुनता।
उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने विभाग को पत्राचार करते हुए दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता इस भीषण गर्मी में पानी के लिए त्राहिमाम कर रही है और विभाग केवल ठेकेदार का बहाना बना रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेयजल विभाग वर्ष के आठ महीने कार्यालय में ही रहता है, जबकि मात्र चार महीने लोगों को समुचित सुविधा दे पाने में भी विफल साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी मांग की कि बोरिंग कार्यों की जांच कराई जाए ताकि भुगतान की गई गहराई एवं वास्तविक कार्य की सत्यता सामने आ सके और दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई हो।
उप प्रमुख ने मुख्यमंत्री  से आग्रह किया है कि इस भीषण गर्मी में जनता को पानी के लिए तरसने न दिया जाए तथा अविलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *