उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश

​खूँटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा सोमवार को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं एवं कक्षों का भ्रमण कर कार्य निष्पादन, अभिलेख संधारण, कर्मियों की उपस्थिति तथा आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रधान लिपिक एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कक्ष, लेखा सहायक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर कक्ष, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी कक्ष, प्रखंड निर्वाचन शाखा कक्ष तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यालय संचालन, लंबित मामलों तथा जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

​ अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नजारत शाखा, कर्मचारी कक्ष, अंचल निरीक्षक कक्ष, कार्यालय कक्ष एवं कम्प्यूटर कक्ष का अवलोकन किया। ​ उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण उत्तरदायित्व, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन कार्यालयों में अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर आते हैं, ऐसे में सभी कर्मियों का व्यवहार सकारात्मक एवं कार्य संस्कृति जनोन्मुखी होनी चाहिए।

​ उपायुक्त ने कहा कि बॉयोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नही करने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने पंचायत सचिव के रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए। ​ निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तहसील कचहरी का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुविधाओं एवं बेहतर कार्य संचालन को ध्यान में रखते हुए तहसील कचहरी को अंचल कार्यालय भवन में शिफ्ट करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *