राजधानी रांची में तेजी से फैल रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, बच्चों को संक्रमण का खतरा
रांची: रांची में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पांच बच्चों को भर्ती किया गया है। इनमें भागलपुर का एक पांच माह का नवजात भी शामिल है। जानकारी के अनुसार तीनों बच्चों को पहले निमोनिया की शिकायत थी। इसी बीच जांच के दौरान तीनों बच्चों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई।
स्वाइन फ्लू में अचानक बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर व मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं। बच्चों में उल्टी-दस्त भी हो सकते हैं। सांस लेने में परेशानी, सांस तेज चलना, लगातार तेज बुखार, अत्यधिक सुस्ती, पानी या दूध नहीं पी पाना, होंठ या चेहरा नीला पड़ना तथा हालत तेजी से बिगड़ना गंभीर संकेत हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर बच्चे का तत्काल ईलाज करवाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। रिम्स और सदर अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। रिम्स में संक्रमित मरीजों के लिए अलग व्यवस्था की गयी है। कॉटेज के ग्राउंड फ्लोर को स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए आरक्षित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विशेषकर दूसरे राज्यों और शहरों से आने वाले मरीजों को लेकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।


