उपायुक्त की अध्यक्षता में जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत जिला स्तरीय ओरिएंटेशन बैठक का आयोजन
खूंटी : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा समेकित जनजाति विकास अभियान अंतर्गत आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत जन भागीदारी अभियान- “सबसे दूर सबसे खास” सप्ताह के सफल संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ओरिएंटेशन बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अभियान के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के तहत जन भागीदारी को बढ़ावा देने हेतु जन सुनवाई केंद्र आयोजित करने, वृक्षारोपण अभियान चलाने, स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा ट्राइबल युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही विशेष शिविरों के माध्यम से छूटे हुए लोगों का आधार कार्ड समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का निर्माण कराने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को योग्य लाभुकों का चिन्हित कर योजनाओं से आच्छादित करने को कहा। वहीं नीति आयोग के भी विभिन्न इंडिकेटर को ध्यान में रखकर जनहित में कार्य करने को कहा गया।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



