मंत्री बन्ना गुप्ता की अश्लील कांड पर भाजपा ने इस्तीफे की मांग की तो कांग्रेस ने इसे साजिश बताया

रांची: सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का अश्लील वीडियो वायरल होने पर प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा को रेडीमेड मुद्दा मिल गया है। साथ ही मंत्री से इस्तीफा की मांग की है। राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि इससे अधिक शर्मनाक हरकत नहीं हो सकती है। कांग्रेस का इसमें चरित्र उजागर हो गया है। रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा है कि यह लोकतंत्र, लोकतंत्र के मंदिर, लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार और वोट देकर चुनने वाली जनता इन सबका अपमान है। इन सब के लिए शर्मनाक बात है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मैं मंत्री बन्ना गुप्ता को बर्खास्त करने की मांग करूंगा।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह तो जांच का विषय है। जबतक उस वीडियो फुटेज की जांच नहीं होती है तबतक किसी को कैसे गुनहगार माना जा सकता है। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि यह सब भाजपा की साजिश है। भाजपा विधायक विरांचीनारायण का भी अश्लील वीडियो सब ने देखा था,उसपर भाजपा ने क्या कार्रवाई किया था। भाजपा ने विरांचीनारायण को सचेतक बना दिया। भाजपा को कांग्रेस पर कीचड़ उछालने का कोई अधिकार नहीं है।
वहीं निर्दलीय विधायक सरयू राय ने कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ उस वीडियो में कौन महिला है इसको भी जानने की जरूरत है। इस महिला को सुरक्षा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस बन्ना गुप्ता के मोबाइल को जब्त करे। साथ ही उनपर भी मामला दर्ज हो। इस वीडियो में मंत्री बन्ना गुप्ता  साफ दिखाई दे रहे हैं। राज्य के वरीय पुलिस अधिकारियों से इस पूरे मामले की जांच कराया जाय,जिससे सच्चाई सबके सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *