राजनीति में युवाओं की भागीदारी से ही आएगा बड़ा बदलाव : दीपिका पांडेय सिंह

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पासवा द्वारा आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार करियर चुनने और पूरी लगन से आगे बढ़ने की सलाह दी।

मंत्री ने कहा कि यदि युवा समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं तो उन्हें राजनीति और नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संवेदनशील नेतृत्व ही समाज को नई दिशा दे सकता है। अपने संबोधन में उन्होंने पेपर लीक और सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों को मूल्यांकन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिससे उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के दौरान कठिनाइयाँ आईं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।

दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में “छात्रों की गूंज” अभियान विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से निराश न होने, मेहनत जारी रखने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के जिम्मेदार नागरिक और विकसित भारत के निर्माता बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *