पोड़ैयाहाट-16 एवं महागामा- 18 क्षेत्र के कई केंद्रों में मतदाताओं की असामान्य वृद्धि के खिलाफ भाजपा ने की शिकायत, कार्रवाई की मांग
रांची : भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने झारखंड़ के मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर गोड्डा जिला के अंतर्गत पोड़ैयाहाट-16 निर्वाचन क्षेत्र एवम महागामा- 18 निर्वाचन क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं की असमान्य वृद्धि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई साथ ही मतदाताओं का विशेष जांच कराते हुए इनके अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की है।
श्री प्रसाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में भाजपा दुमका जिला मंत्री रघुनाथ रजक के इस विषय में लिखित पत्र को उल्लेखित करते हुए बताया कि 16-पोडैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के प्रखण्ड-सरैयाहाट मतदान केन्द्र का नाम-उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बाबुडीह उर्दू, मतदान केन्द्र संख्या-319 के पर एक ही मकान में मतदाताओं की संख्या में असमान्य वृद्धि हुई है। यहां तक की एक मकान में 126 मतदाता है एवं 17 मकान में 793 मतदाता रहते हैं, जो आश्चर्य का विषय है।
वहीं 18-महागामा निर्वाचन क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों के अंतर्गत एक ही मकान में मतदाताओं की संख्या में असमान्य वृद्धि हुई है। यहां तक की एक मकान में 69 मतदाता है। 32 मकान में 842 मतदाता रहते हैं, जो आश्चर्य का विषय है।
श्री प्रसाद ने जिस मतदान केन्द्र / बूथ पर आपत्ति है, पत्र के साथ उसकी सूची संलग्न कर चुनाव आयुक्त से मांग करते हुए लिखा है कि ऐसी स्थिति में यह आवश्यक है कि संबंधित मकानों एवं मतदाताओं का नियमानुसार भौतिक एवं अभिलेखीय सत्यापन कराया जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मतदाता सूची में दर्ज सभी नाम वास्तविक व पात्र मतदाताओं के हैं तथा किसी प्रकार की त्रुटिपूर्ण, डुप्लीकेट अथवा अपात्र प्रविष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से संलग्न सूची के आलोक में उल्लेखित 16-पोड़ैयाहाट निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-319 एवम 18- महागामा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर दर्ज मतदाताओं का विशेष जांच कराते हुए इनके अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग का अनुरोध किया है। संबंधित मकानों में निवास करने वाले मतदाताओं के पते एवं अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन कराया जाए। ताकि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवम निष्पक्षता बरकरार रहे।
उन्होंने पत्र में मांग किया है कि जांच के दौरान किसी प्रविष्टि में अनियमितता अथवा नियमों के विरुद्ध नाम दर्ज पाया जाता है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।


