त्रिदिवसीय वार्षिकोत्सव सह कल्याणोत्सव के दूसरे दिन भगवान् संग भगवती का हुआ नगर भ्रमण
रांची : श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में 26 जून से 28 जून तक तीन दिनी महोत्सव में शनिवार को प्रातः 8:00 बजे श्रीपद्मावती प्रियतम भगवान् श्रीनिवास और उनकी पटरानियाँ श्रीश्रीदेवी-भूमिदेवी दिव्य अलौकिक श्रृंगार से सुसज्जित हो पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण किया । दूल्हा सरकार भगवान श्रीवेंकटेश्वर के पालकी के पीछे -पीछे श्रीधाम वृंदावन से पधारे जगतगुरु रामानुजाचार्य श्रीस्वामी अनिरुद्धाचार्य जी महाराज अपने सहयोगी श्रीगोविंद दास जी महाराज एवं अन्य परिकरों के साथ रथ पर सवार होकर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे । श्रीभगवान का दुर्लभ दर्शन और संत शिरोमणि श्रीगुरुवर का आशीर्वाद श्रद्धालुओं को बरबस मिल रहा था। बैंड – बाजा , बाराती एवं दक्षिण भारत के प्रसिद्ध वाद्ययंत्र नादस्वर का दैविय धुन पर भक्तगण नाचते – झूमते चल रहे थे । मंत्रों के स्वर और जय- जयकार की ध्वनि से आकाश गुञ्जित हो उठा । रांची के भजन गायक श्री ओम शर्मा की मंडली द्वारा भजनों की रसधार प्रवाहित हो रहे थे । 201 ध्वजाधारी श्रद्धालु महिलाएं और कन्याओं ने पीले परिधान में कतारबद्ध चल रही थीं । रास्ते भर प्रसाद बँटते रहे और जगह-जगह लोगों के द्वारे – द्वारे भगवान की मंगल आरती होती रही ।
नगर भ्रमण (शोभा यात्रा) के बाद पुनः संध्या 4:00 बजे से यज्ञ मंडपम में सुदर्शन महायज्ञ हुआ। जिसमें कांचीपुरम के प्रकाण्डाचार्य श्रीवत्स भट्टर और उनके सहयोगी विजय राघवन , रंगराज भट्टर , मालू भट्टर और जगन्नाथन दक्षिणात पद्धति से सुदर्शन हवन कराया, जिसमें पुरूषसूक्त,श्रीसूक्त,भूसूक्त, नीलासूक्त, सुदर्शन मालामंत्रम् सुदर्शन गायत्री , सुदर्शनाष्टकम्, गरूड़ गायत्री, हनुमान गायत्री नरसिंह गायत्री, भाग्यसूक्त आदि मंत्रों से आहुतियां होती रही और अंत में नवग्रह मंत्रों के बाद क्षमा प्रार्थना के साथ हवन पूर्णाहुति की गई तथा भक्तों में प्रसाद बाँटा गया।
अनुष्ठान में मुख्य यजमान वरपक्ष : के श्री राम अवतार नरसरिया धर्मपत्नी श्रीमती शारदा नरसरिया , वधुपक्ष श्रीश्रीदेवी की ओर से श्री रमेश धरनीधरका धर्मपत्नी श्रीमती शशि धरनीधरका एवं वधूपक्ष के श्रीभूमि देवी की ओर से श्री शशांक धरनीधरका धर्मपत्नी श्रीमती सौम्या धरनीधरका के अतिरिक्त सर्वश्री अनूप अग्रवाल प्रदीप नारसरिया अनीश अग्रवाल मुरारी लाल मंगल उदय राठौर कन्हैया लोहिया राजेश सुल्तानिया सुशील लोहिया सुशील गरोदिया श्रवण खंडेलवाल अंशु मित्तल के अलावा अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा अब कल रविवार को भगवान का कल्याणोत्सव श्रीनिवास टावर के श्रीभगवान दास सत्संग हॉल में होगा।

