झारखंड में बड़ी लड़ाई के लिए कार्यकर्ता और मेहनत करे और समूह बड़ा बनाए : अशोक चौधरी

रांची: झारखंड में जनता दल यू 21 जनवरी को रामगढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार जोहर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसकी तैयारी में जनता दल यू लगी हुई है। इस संबंध में शनिवार को पार्टी ने कार्यकर्ता मंथन शिविर का आयोजन किया।इसमें बिहार के भवन निर्माण मंत्री एवं झारखण्ड जदयू के प्रभारी डॉ अशोक चौधरी सह प्रभारी और बेलहर के विधायक मनोज यादव , प्रदेश जदयू अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, नीतीश ज़ोहार कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर मधुकर सिंह ने दीप प्रजलवित कर शिविर की शुरुआत की। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष / नगर अध्यक्ष, जिला संगठन प्रभारी, प्रमंडल प्रभारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशी मुख्य रूप से उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो एवं संचालन प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार ने किया। इससे पहले सभी नेताओं ने बिरसा चौक स्थित वीर बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए डॉ अशोक चौधरी ने कहा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद किसी दूसरे राज्य में नीतीश कुमार की पहली जन सभा है, स्वभाग्य से यह अवसर प्रदेश जदयू को मिला है। 21 जनवरी की सभा झारखण्ड में जदयू और जदयू कार्यकर्ताओं का भविष्य तय करेगी। उन्होंने कहा कि निश्चित ही झारखण्ड में पार्टी का संगठन मजबूत हुआ है, मगर बड़ी लड़ाई के लिए कार्यकर्ता और मेहनत करे और समूह बड़ा बनाए।
उन्होंने कहा नीतीश कुमार के कार्यक्रम में पचास हज़ार लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा कि इण्डिया गठबंधन के पार्टनर साथ चुनाव प्रचार करते तो चार राज्यों में चुनाव परिणाम कुछ और होता। नीतीश जी ने सभी को एकजुट किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजंसियों की विश्वसनीयता समाप्त हो रही है, ट्रांसपेरेंसी का अभाव है। राम मंदिर निर्माण के सवाल पर कहा जिसे जब इक्षा होगी लोग जाएँगे, कोई पूर्णिमा में जाएगा कोई एकादशी में जाएगा। २२ जनवरी को जाना कोई ज़रूरी नहीं। उन्होंने कहा कुछ लोग राम मंदिर का रजनीतिकरण कर रहे।
झारखण्ड जद यू के प्रदेश सह – प्रभारी मनोज यादव ने प्रदेश के संगठनात्मक शक्ति को बल देते हुए कहा कि , ” झारखण्ड में जद यू जिस मजबूती के साथ विधानसभा में मौजूद थी, उसी मजबूती के साथ हमें पार्टी की सामाजिक न्याय की विचारधारा को अब प्रदेश से लेकर पंचायत तक, खेत -खलिहान- जंगल जमीन तक ले जाना है। “
झारखण्ड जद यू के प्रदेश अध्यक्ष -सह- राज्यसभा सांसद खीरु महतो ने कहा कि ” नीतीश जोहार यात्रा ऐतिहासिक होगी। झारखण्ड एक नई उलगुलान लिखेगा। 2024 की बदलाहट की अगुवाई झारखण्ड करेगा। नीतीश जोहार यात्रा के मार्फ़त रामगढ़ जिला की शहादत की नमक अदायगी पार्टी करेगी।”
बैठक में नीतीश जोहार कार्य्रकम के संयोजक श्री मधुकर सिंह ने साफ आह्वान किया कि “चूंकि माननीय नीतीश कुमार ने रामगढ़ का निमंत्रण स्वीकार किया है, यह वक्त है कि हम जवाबदेही तय करें । जमीनी और मौन कार्यकताओं तक सक्रिय कार्यकर्ताओं तक पहुंचे। विचारधारा को जल -जंगल- जमीन तक पहुंचाने का काम एक मिशन की भावना के साथ आगे बढ़ाएं। “
बैठक में डॉ आफताब जमील, अशोक चौधरी, सागर कुमार, डॉ विनय भरत, सुशील सिंह, पिंटू सिंह, संजय सिंह, उपेंद्र सिंह, भगवान सिंह, आशा शर्मा, रत्ना शर्मा, पुष्पा देवी, विरेंद्र पासवान, रमाकान्त मण्डल, लालचन महतो, प्रभु दयाल कुशवाह, ज्योतिर्मय साहू, कृष्णा घटवार, अर्जुन कुमार मेहता, डॉ राजनारायण सिंह पटेल, कुमेश्वर महतो ,रंजन कुमार, रामजी प्रसाद समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *