हनुमान नगर में 11 अप्रैल को होगी शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा, ध्वजारोहण के साथ महायज्ञ का हुआ आगाज
रांची (गणादेश) : लालपुर के हनुमान नगर (फ्रेंड्स कॉलोनी) स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में 11 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले श्री श्री 108 श्री रुद्र महायज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां अब परवान चढ़ने लगी हैं। सोमवार की सुबह 06:30 बजे मंत्रोच्चार के बीच भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसने समूचे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। धर्म ध्वजा फहराने के साथ ही इस महाकुंभ का विधिवत शंखनाद हो गया है।
इस पावन अवसर पर पूर्व वार्ड पार्षद अर्जुन यादव ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर निर्माण और महायज्ञ की सफलता के लिए अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए कहा, मैं इस पुनीत कार्य में तन-मन-धन से समर्पित हूं । यह मंदिर हमारे क्षेत्र की एकता और अटूट आस्था का प्रतीक है। विदित हो कि वर्तमान में उनकी पत्नी स्थानीय वार्ड पार्षद के रूप में क्षेत्र की सेवा कर रही हैं, और इस धार्मिक आयोजन में उनके पूरे परिवार की सक्रिय भागीदारी ने भक्तों का उत्साह बढ़ा दिया है।
आयोजन को भव्य रूप देने में श्री महाकाल महावीर मन्दिर समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष विक्की लाहा, सचिव श्रीकांत प्रसाद और कोषाध्यक्ष सुशील कुमार पूरी तत्परता से जुटे हैं। ध्वजारोहण के दौरान सदस्यगण रामबली साव, नारायण गोस्वामी, पोखर साव, योगेंद्र साहू, राकेश साव, रमेश साव, नितेश कुमार, अजय कुमार, रामचंद्र उरांव, अजीत कुमार एवं सृष्टि हजाम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर भाभा नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, रिवरसाइड कॉलोनी और हनुमान नगर के समस्त बस्ती वासियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया।
विद्वान पुरोहितों के परामर्श के बाद 11 अप्रैल की तिथि तय की गई है। ट्रस्ट ने डिजिटल माध्यमों और क्यूआर कोड के जरिए भी भक्तों को इस महायज्ञ से जुड़ने का आह्वान किया है। समिति ने अपील की है कि सभी शिव भक्त इस ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।



