अमेरिकन छात्रों ने अंग के बच्चों को कंप्यूटर बेसिक के विषय में बताया, नृत्य देख झूम उठे
भागलपुर। समवेत,रोबोसेपियंस एवं संस्कृति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम “पंख” के लाॅन्चिंग के दूसरे दिन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के प्रशिक्षक के तौर पर रोबोसेपियंस (U.S) टीम के इशान, प्रतेक, सात्विक और आदित्य ने प्रशिक्षु बच्चियों को कंप्यूटर बेसिक के बारे में बताया। जिसमें इ-मेल बनाना, कम्प्यूटर के विभिन्न भाग, कार्य करने के तरीके, सोशल साइट्स की जानकारियों और सूचना की खोज करने वाले प्लेटफार्म के बारे में जानकारी दी गई।
दूसरे सत्र में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन तपोवर्धन प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के जेता सिंह, शिक्षाविद अंशु सिंह, जैन मंदिर सिद्ध क्षेत्र के महामंत्री श्री सुनील जैन, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ललन कुमार, सितार गुरु प्रवीर, बाल अधिकार विषेशज्ञ श्री सुनील झा, प्रभा झा, अल्पा पटेल तथा समवेत के निदेशक विक्रम और सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
यह सांस्कृतिक संध्या अमेरिका और भारत के बीच संस्कृति और अभिव्यक्ति के आदान-प्रदान का उत्कृष्ट अवसर रहा। इस खूबसूरत शाम की शुरुआत सितार गुरु श्री प्रवीर एवं किलकारी भागलपुर के बच्चों द्वारा सितार वादन से हुई। वहीं संस्था संस्कृति के माध्यम से अमेरिका में भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम कर रहीं प्रभा झा एवं अल्पा पटेल द्वारा संयुक्त रूप से कथक की प्रस्तुति की गई। नन्ही कलाकार काव्या द्वारा भरतनाट्यम की प्रस्तुति की गई। जिसे देख उपस्थित लोगों के तन- मन झंकृत हो उठा। बच्चों की प्रस्तुति देख अमेरिकन बच्चे भी चहक उठे। इसके साथ ही नंदलाल एवं प्रेरणा केंद्र की बच्चियों द्वारा जनगीत की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर भागलपुर के प्रबुद्धजनों द्वारा अमेरिका से आए सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिखा एम जे, डॉ रूचि श्री, आशीष दास, डॉ शाहीन अनीस, सुनील मंडल, नूतन कुमारी, राहुल, सत्यम मिश्रा, करूणा सिंह, पिंटू, नमन, कृष्णा, मोहन, ईशु, अनुष्का मिश्रा आदि उपस्थित थे। संचालन समवेत की वर्षा ऋतु ने किया। कल अंतिम दिन भी प्रशिक्षण कार्यक्रम दस बजे से चलेगा।



