संतोष जैन के नेतृत्व में महावीर अस्पताल संस्थान की वार्षिक आमसभा संपन्न
रांची: भगवान महावीर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर संस्थान, रांची की वार्षिक आमसभा रविवार को महावीर भवन, बरियातू में संस्थान के अध्यक्ष संतोष जैन के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान द्वारा किए गए सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी गई।
संस्थान के सचिव पंकज सेठी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष जितेन्द्र जैन छाबड़ा ने आय-व्यय का ब्यौरा सदस्यों के समक्ष रखा। बैठक में भविष्य में जरूरतमंद लोगों को कम लागत पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान रातू रोड में संस्थान द्वारा नई इकाई के अधिग्रहण और यहां जल्द अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर शुरू करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा फिजियोथेरेपी, ब्लड बैंक और डेंटल केयर जैसी सुविधाएं भी किफायती दर पर उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई।
संस्थान की ओर से बताया गया कि महावीर भवन के चौथे तल पर संचालित भगवान महावीर आई हॉस्पिटल में फेको तकनीक से जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाता है। इसके अलावा अन्य नेत्र सर्जरी भी की जाती है। पिछले चार वर्षों में तीन हजार से अधिक लोगों की निशुल्क मोतियाबिंद एवं अन्य सर्जरी की गई है। वहीं हजारों लोगों को निशुल्क नेत्र परामर्श दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल एंबुलेंस के माध्यम से स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किए जाते रहे हैं।
संस्थान की ओर से मरीजों के परिजनों के लिए महावीर भवन में 84 बेड की किफायती आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं जरूरतमंद मरीजों के इलाज में आर्थिक सहयोग भी किया जाता है। संस्थान के अनुसार बीते वर्ष करीब छह करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सैकड़ों मरीजों को उपलब्ध कराई गई।
बैठक में उपाध्यक्ष गोविंद राम सरावगी, कमल जैन, सहसचिव रोहित जैन व अमित जैन, डॉ. वीके जैन, पूरणमल जैन समेत बड़ी संख्या में संस्थान के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन संस्था की ओर से किया गया। यह जानकारी जनसंपर्क से जुड़े पौरुष जैन ने दी।


