खूंटी पुलिस को मिली बड़ी सफलता ,पीएलएफआई के चार उग्रवादियों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार
खूंटी: जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के चार सक्रिय उग्रवादियों को हथियार और आपत्तिजनक सामान के साथ गिरफ्तार किया है।इस संबंध में एसपी मनीष टोप्पो ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस पूरी घटना को साझा किया। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई का उग्रवादी ओझा पहान उर्फ ओझा तोपनो उर्फ बादल तोपनो उर्फ भगत अपने सहयोगियों संग रायकेरा में कस्तूरबा स्कूल निर्माण कार्य के ठेकेदार से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने की योजना बना रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तोरपा के एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेटा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान चारों उग्रवादियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार उग्रवादियों में कई ऐसे हैं जिनका आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें ओझा पहान और जिबनुस आईन्द पहले भी आगजनी और सड़क निर्माण कार्य में तोड़फोड़ जैसी घटनाओं में जेल जा चुके हैं। मई 2025 में रायकेरा में सड़क निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर को जलाने की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। इस मामले में पीएलएफआई का एक और अभियुक्त गेन्दे बारला उर्फ लादेन पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
गिरफ्तार उग्रवादियों के नाम:
- ओझा पहान उर्फ ओझा तोपनो उर्फ बादल तोपनो उर्फ भगत (32 वर्ष), ग्राम रामतोल्या बगीचा टोली, थाना कामडारा, जिला गुमला
- जेबियर कोनगाड़ी (29 वर्ष), ग्राम उड़िकेल बड़काटोली, थाना रनिया, जिला खूंटी
- संतोष कोनगाड़ी (27 वर्ष), ग्राम उड़िकेल घांसीटोली, थाना रनिया, जिला खूंटी
- जिबनुस आईन्द उर्फ दड़ियल उर्फ चोलल (31 वर्ष), ग्राम ऐरमेरे, थाना तोरपा, जिला खूंटी
जब्त सामान:
- 7.65 एमएम का मैगजीन लगा लोडेड देशी पिस्टल
- 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली
- एक देशी कट्टा
- 8 एमएम की गोली
- पीएलएफआई संगठन के पर्चे (2 पीस)
- मोबाइल फोन (2 नग)
- 5जी प्लस लिखा सीम कार्ड (3 पीस)
- आधार कार्ड (2 पीस)
- पेट्रोल से भरी प्लास्टिक बोतल (2 पीस), जिसका इस्तेमाल रोड रोलर जलाने में किया गया था
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ रनिया थाना में कांड संख्या 26/2025 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।



