मेधावी विद्यार्थियों के लिए उल्लेखनीय प्रयासों पर डॉ. अमित कुमार पांडेय सम्मानित

रांची: राजधानी के सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में कांके टॉक टॉक्स की ओर से आयोजित “संवाद” कार्यक्रम में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और झारखंड की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर डॉ. अमित कुमार पांडेय को कांके टॉक्स संवाद समारोह 2026 से सम्मानित किया गया।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंच पर डॉ. पांडेय को सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक बलबीर दत्त तथा प्रसिद्ध नागपुरी लोक कलाकार एवं गायक पद्मश्री मुकुंद नायक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. अमित कुमार पांडेय को यह सम्मान उच्च शिक्षा के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने, मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सकारात्मक पहल को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. पांडेय ने कहा कि झारखंड के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है।
कांके टॉक्स का “संवाद” कार्यक्रम शिक्षा, सामाजिक सरोकार और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम में झारखंड की प्रतिभाओं को अवसर देने और शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन को गति देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *