झारखंड प्रभारी के. राजू ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचकर व्यक्त की गहरी शोक संवेदना
रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्य्क्ष केशव महतो कमलेश ने शनिवार को झारखंड सरकार की मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचकर उनकी पुत्री के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर के. राजू ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी आत्मीय संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि संतान का असमय बिछोह किसी भी माता-पिता के जीवन की सबसे गहरी और असहनीय पीड़ाओं में से एक है। इस अपूरणीय क्षति के समक्ष शब्द भी मौन हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि दुःख की इस अत्यंत कठिन और विषम घड़ी में वे स्वयं तथा पूरा कांग्रेस परिवार श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और आत्मीयता के साथ खड़ा है।
के. राजू ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि जीवन की क्षणभंगुरता के बीच अपनों की स्मृतियां ही वह अमूल्य धरोहर हैं, जो सदैव हृदय में जीवित रहती हैं। दिवंगत बेटी की स्मृतियां परिवार के जीवन में सदैव स्नेह, ममता और आत्मीयता के रूप में बनी रहेंगी।
कांग्रेस परिवार इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और आत्मीय एकजुटता व्यक्त करता है।


