इस्पात महिला विकास सहयोग समिति के तीन दिवसीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री मेले का शुभारंभ, 62 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
रांची: इस्पात महिला विकास सहयोग समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री मेले का शुभारंभ शुक्रवार को MECON कम्युनिटी हॉल, श्यामली कॉलोनी, डोरंडा में किया गया। मेले का उद्घाटन समिति की संरक्षक श्रीमती सोनी वर्मा, श्रीमती रश्मि वर्मा एवं श्रीमती निक्की राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में समिति की कार्यकारिणी समिति की सदस्याएं एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष प्रमीला गुप्ता, सचिव विनीता प्रकाश, कोषाध्यक्ष देवदत्ता शाहा के अलावा निशी चंद्रा, सबिता सेठी, अनीता मीणा, मोनिका सिंह, राधा दास सहित अन्य सदस्य मौजूद थीं।
मेले में इस वर्ष कुल 62 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है। स्टॉलों पर हस्तशिल्प, आकर्षक ज्वेलरी, डिजाइनर सूट एवं साड़ियां, गुजराती आर्टवर्क, सिल्क और हैंडलूम साड़ियां, बेडशीट, चूड़ियां, बैग, कार्पेट, रेडीमेड परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं।
मेले के पहले ही दिन खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। महिलाओं के साथ-साथ परिवारों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर जमकर खरीदारी की। विशेष रूप से हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक परिधानों और घरेलू सजावटी वस्तुओं को लोगों ने काफी पसंद किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस्पात महिला विकास सहयोग समिति पिछले कई वर्षों से इस तरह के मेले का आयोजन करती आ रही है। इसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, कारीगरों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर महिला आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करना भी समिति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

