जिला परिषद् अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई जिला परिषद् की बैठक, विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं दिए गए निर्देशों की हुई समीक्षा

खूंटी: जिला परिषद् अध्यक्ष मसीह गुड़िया की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला परिषद् सभागार में जिला परिषद् की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद्, खूंटी द्वारा किया गया। बैठक में पूर्व के  बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, सहकारिता, मत्स्य, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागों द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सिविल सर्जन ने बरसात के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर विशेष बल देते हुए आमजन से घर के आसपास जल जमाव नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए ऐसी स्थिति में मरीज को घबराने नहीं दें तथा यथाशीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार कराएं। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम उपलब्ध है।

बैठक में कृषि विभाग को किसानों के बीच समयबद्ध तरीके से बीज वितरण सुनिश्चित करने तथा अन्य विभागों को भी अपनी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला परिषद सदस्यों द्वारा भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं कई आवश्यक सुझाव दिए गए।

बैठक में जिला परिषद् उपाध्यक्ष मंजू देवी, सभी जिला परिषद् सदस्य, सभी प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद्, खूंटी तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *