मांडर में दूध कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
रांची : थाना क्षेत्र के टिको टोली स्थित डेयरी के पास दूध कारोबारी रामू उरांव (55) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन को 30 अक्टूबर को पकड़ा गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को रविवार को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के निर्देशन में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह, धुरवा सिंह, कुलदीप सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ विपीन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि रामू उरांव के साथ उनका पिछले करीब दस वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


