लेफ्ट छात्र संगठनों के विधानसभा घेराव के दौरान नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, बीजेपी पर लगाया आरोप
रांची: 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और नियमित परीक्षा प्रक्रिया लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठनों ने झारखंड विधानसभा का घेराव किया। प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें पहले ही रोक दिया। हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
प्रदर्शन के दौरान वामपंथी छात्र नेत्री नेहा बोरा ने छात्रों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार से जेपीएससी परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर स्याही फेंक दी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना के बाद भी नेहा बोरा ने अपना संबोधन जारी रखा।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेहा बोरा,स्नेहा माथुर और भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि यह विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार फैलाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है और ऐसे कृत्य उसी मानसिकता का हिस्सा हैं। उन्होंने स्याही फेंकने की घटना के लिए भी बीजेपी समर्थकों पर आरोप लगाया।
नेहा बोरा ने कहा कि केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरी जेपीएससी प्रणाली में व्यापक सुधार (रिफॉर्म) की आवश्यकता है ताकि भविष्य में परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आयोजित हो सकें। उन्होंने छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की भी बात कही।

