जमीन विवाद में रजिस्ट्रार की हत्या,मांडू पुलिस ने तीन लोगो को किया गिरफ्तार
मांडू (रामगढ़)थाना क्षेत्र हुआग स्थित सियारी टांड़ में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में मांडू पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान और मामले में पूछताछ से संबंधित किसी भी जानकारी का खुलासा करने से फिलहाल इनकार किया है। मृतक की पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाना में लिखित आवेदन देकर बताया है। कि उनके पति बालेश्वर पटेल, जो गिरिडीह रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे और ग्राम रबोध के निवासी थे,अपनी जमीन पर एक दिन पूर्व लगाए गए बोरिंग के सबमर्सिबल पंप को देखने मंगलवार को हुआग के सियारी टांड़ गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए लोगों ने उन पर धारदार हथियार लाठी और ईटा से हमला कर के बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। थाना में दिए गए आवेदन में रीता कुमारी ने रामू साव उर्फ ज्ञानी साव,विष्णु कुमार,संतोष साव उर्फ पम्पम, पूजा देवी,रूबी देवी,संकुतला देवी,विनय कुमार तथा डोली कुमारी को नामजद आरोपित बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर उनके पति की हत्या की। आवेदन में यह भी कहा है कि इस पूरे षड्यंत्र में हुआग निवासी हेमंत पाण्डेय एवं दिनेश्वर साव की भी संलिप्तता है।
रीता कुमारी ने पुलिस से सभी आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इधर, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। मांडू थाना प्रभारी ने केवल इतना बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।


