उपायुक्त आर रॉनिटा ने बिरसा मुंडा जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण

खूंटी : उपायुक्त आर. रॉनिटा ने शुक्रवार को बिरसा मुंडा जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, अध्ययन हेतु आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता, पठन-पाठन के अनुकूल वातावरण तथा पुस्तकालय परिसर की स्वच्छता आदि का बारीकी से जायजा लिया।
इस दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से भी मुलाकात की और उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को सुना। उन्होंने छात्रों से पुस्तकालय की सुविधाओं एवं व्यवस्था से संबंधित सुझाव भी प्राप्त किए और संबंधित पदाधिकारियों को उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पुस्तकालय जिले के विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र है, अतः इसकी समुचित देखभाल एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सभी आवश्यक एवं जरूरी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए पाठकों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय परिसर में स्थित कैंटीन का भी निरीक्षण किया तथा कैंटीन परिसर एवं उसके आस-पास साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाए और छात्रों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती अपरुपा पाल चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *