अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के डीसी ने दिए निर्देश
खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत अवधि के दौरान जिले में खनिज पदार्थों के अवैध खनन एवं अवैध परिवहन की रोकथाम को लेकर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें तथा अवैध खनन स्थलों को चिन्हित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला खनन टास्क फोर्स टीम आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन के मार्गों पर विशेष निगरानी रखे।
उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को समन्वय स्थापित कर नियमित छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही बालू समेत अन्य की अवैध खनन, अवैध भंडारण एवं अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर पूर्णतया रोक लगाने हेतु प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में बालू घाट पूर्णतया बंद है, ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि बालू घाटों से किसी भी परिस्थिति में खनन, भंडारण या परिवहन न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए नियमित जांच अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, डीएसपी मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एमवीआई, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

