मझिआंव में सीओ प्रमोद कुमार विवादों में घिरे, पत्नी ने कथित प्रेमिका संग पकड़ा
रांची : गढ़वा जिले के मझिआंव प्रखंड में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार को उनकी पत्नी डॉ. श्यामा रानी ने सरकारी आवास में कथित प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जाता है कि डॉ. श्यामा रानी, जो बिहार के पूर्व सांसद श्रीराम मांझी की बेटी हैं, कई दिनों से अपने पति के व्यवहार पर शक कर रही थीं। तड़के करीब चार बजे अचानक गढ़वा से मझिआंव पहुंचीं तो आवास का दरवाजा बंद मिला। उन्होंने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया, जहां पति को एक महिला के साथ कमरे में देखकर गुस्से में सभी दरवाजे बंद कर दिए और सीओ को अंदर ही कैद कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण कोई हस्तक्षेप नहीं कर सका। बताया जाता है कि सीओ ने छत के रास्ते भागने की कोशिश की, मगर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और महिला को हिरासत में ले लिया।
डॉ. श्यामा रानी ने कहा कि अब यह मामला सिर्फ पारिवारिक नहीं, बल्कि कानूनी होगा। वहीं, पूर्व सांसद श्रीराम मांझी ने कहा कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है और वे न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगे। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है और मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।



