उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, जेल सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में कारा सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने एवं परिसर में अनुशासन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने उप-कारा, खूंटी में लगाए गए सुरक्षा उपकरणों, जैसे सीसीटीवी कैमरा एवं अन्य यांत्रिक उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और इनके सुचारु संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे। जेल में सभी कैदियों को मेनू अनुसार भोजन एवं स्टॉक पंजी के नियमित रूप से संधारण के निर्देश दिए गए। रात्रि के समय चिकित्सा उपचार हेतु चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। कैदियों के पठन पाठन को लेकर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति पर भी चर्चा कर निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि जेल में अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग, डीएसपी मुख्यालय, प्रभारी पदाधिकारी समान्य शाखा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *