रांची में 5 लाख के ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार, पुलिस को देख भाग रही थी आरोपी!
रांची: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया है इस दौरान पुलिस ने महिला के पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब 5 लाख रुपए है. दरअसल, मामले में पुलिस को 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रही है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई.इसके बाद टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर महिला का इंतजार करने लगी.

दोपहर करीब 3.10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखी. वह महिला पुलिस को अपनी ओर आते देख घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने लगी. इस दौरान टीम में शामिल महिला चौकीदार की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुन्नी देवी (उम्र 43 वर्ष), पति- बाबला राम, रांची के सदर थाना क्षेत्र, जतराटांड स्थित कोकर बाजार के देवी मंडप के पास का बताया।


