दिवाली, छठ की समाप्ति के बाद शहर, गांव, घर को छोड़ बच्चे चल पड़े जॉब वाले शहरों की ओर
भागलपुर : दिवाली और महापर्व छठ के समापन के साथ ही शहर, गांव, और घर छोड़कर अपने उदास आंखों में जुदाई के आंसू समेटे बच्चे, जो महानगरों से अपने घर आए थे, अपने जॉब वाले शहर यानी महानगरों की ओर वापस चल पड़े. बिहारी मजदूर भी अपनी रोज़गार की जगह परदेस लौटने लगे। कुछ दिनों तक बिहार के सभी शहरों, गांवों, घरों और छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर ये दृश्य गमगीन रहेंगे, जहां बच्चों के बिछड़ने का पल, माता-पिता की आंखों में आंसू, और विदाई की सिसकियों की गूंज सुनाई देगी। मां, बाबूजी, दादी मां, बाबा, सभी अपने लाडलों के जाने पर रोएंगे. मां की आंखों में आंसू छिपाए नहीं छुपेंगे, लोर कोर से लुढ़क ही पड़ रहे हैं। चाहे बच्चे उन्हें कितना भी ढांढस बंधाएं. काका-काकी समान नौकर-चाकर जो रेलवे स्टेशन तक छोड़ने आए हैं, वे भी नम आंखों से विदाई देंगे। पिछले पखवाड़े भर में सेवा-सत्कार से खुश होकर इन्हें कई तोहफे भी मिले और रंग-बिरंगे कपड़े भी, जिन्हें पाकर इनकी खुशी दुगनी हो चुकी है।
इस दौरान गांवों और रेलवे स्टेशनों का माहौल अत्यंत गमगीन दिखता है। मां से बिछड़ते बेटे-बहुएं, भाई से दूर होती बहनें सभी की आंखों में विदाई के इस पल में आंसू होते हैं। दूर से इन लम्हों को देख रहे लोग यानी अन्य रेल यात्री भी सुबकते नजर आते हैं। जब पोता और बेटे चुपके से बूढ़ी दादी और मां की हथेली में पांच-पांच सौ के नोट रखकर ठीक से रहना, दादी-मां कहते हैं, तो उनकी आंखों का हर कोना भींग उठता है. दोनों कांपते हाथ व सुबकते होठों से आशीर्वाद देते नहीं अघाते हैं।
इसी दौरान, बड़ी संख्या में बिहारी मजदूर भी महानगरों की ओर लौटने लगे हैं। ये मजदूर दो वक्त की रोटी की तलाश में साल भर देश के विभिन्न महानगरों में कड़ी मेहनत करते हैं। दिन-रात 18 से 20 घंटे काम कर, अपनी जरूरतें काटकर परिवार के लिए पैसे बचाते हैं और कुछ महीनों में बीमार बूढ़ी मां-बाबूजी के इलाज के लिए पैसे भेजते रहते हैं। ये मजदूर साल में एक बार ही होली या दिवाली-छठ में घर (बिहार) लौट पाते हैं। अब वे ट्रेन के अनारक्षित डिब्बों में ठसाठस भरकर महानगरों की ओर लौटेंगे, जैसे वे त्यौहारों पर आए थे। यह पलायन बिहार में रोजगार के अभाव की एक स्पष्ट तस्वीर पेश करता है। इस वजह से बिहार के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली के लिए दर्जनों बसें चलती हैं, जिनमें दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर, भागलपुर, कटिहार और किशनगंज के हजारों बिहारी मजदूर महानगरों की ओर बसों से पलायन करते हैं।
बिहार से अन्य राज्यों में काम की तलाश में जाने वाले मजदूरों की संख्या का सटीक आंकड़ा देना मुश्किल है, क्योंकि यह आंकड़ा समय-समय पर बदलता रहता है और विभिन्न स्रोतों से अलग-अलग आंकड़े मिलते हैं। भागलपुर जिला से ही करीब दो से तीन लाख मजदूर देश के अन्य राज्यों में कमाने जाते हैं। एक सर्वेक्षण के अनुसार, भागलपुर जिले के प्रमुख ब्लॉकों से मजदूरों की संख्या इस प्रकार है:
- भागलपुर ब्लॉक – लगभग 50,000 मजदूर
- गोराडीह ब्लॉक – लगभग 30,000 मजदूर
- नारायणपुर ब्लॉक – लगभग 25,000 मजदूर
- सबौर ब्लॉक – लगभग 20,000 मजदूर
- कहलगांव ब्लॉक – लगभग 15,000 मजदूर


