दशकों से आस्था और सेवा का संगम बना रॉक्सी क्लब, गरगा नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं के लिए जुटाई सुविधाओं की सौगात।

बोकारो: बोकारो के सेक्टर-12 डी स्थित रॉक्सी क्लब द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। पिछले कई दशकों से रॉक्सी क्लब के सदस्य गरगा नदी तट पर छठ व्रतियों की सेवा और सुविधा के लिए समर्पित भाव से जुटते आ रहे हैं। क्लब की यह पहल अब क्षेत्र में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन चुकी है।
छठ पूजा शुरू होने से पहले ही क्लब के सदस्यों ने गरगा नदी स्थित छठ घाट की व्यापक साफ-सफाई कराई। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए नदी में कच्चे पुल का निर्माण किया गया। वहीं, आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा छठ घाट जगमगा उठा। रोशनी से सजे घाट का नजारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्लब की ओर से विशेष सेवा शिविर लगाया गया, जहां फल, दूध और चाय का वितरण किया गया। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, वाहन पार्किंग और आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए क्लब के सदस्य जगह-जगह तैनात रहे। इसके अतिरिक्त निशुल्क मेडिकल कैंप तथा खोया-पाया केंद्र के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान किया गया। माइक से समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाती रहीं।
क्लब के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के सफल आयोजन में सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सदस्यों के अथक परिश्रम, आपसी सहयोग और सेवा भावना से ही हर वर्ष इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाता है। क्लब का उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष दिलीप कुमार, महासचिव अरुण कुमार, कोषाध्यक्ष रूपेश करमाली, संगठन कार्य मंत्री विकास कुमार सहित राहुल कुमार जेर्रि, निक्का कुमार, सबलु सिंह, सुभाष सिंह, नन्हे कुमार, अभिषेक कुमार, रितेश कुमार, रंजन कुमार, मनोज कुमार, अतुल कुमार एवं क्लब के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
रॉक्सी क्लब ने एक बार फिर साबित किया कि छठ महापर्व केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *