विधायक पर लगे आरोपों की खबर चलाने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती को निशाना बनाने की कोशिश निंदनीय : रांची प्रेस क्लब

रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक गंभीर मामले में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज किया जाना बेहद चिंताजनक है। रांची प्रेस क्लब इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल के रूप में देखता है।

प्रेस क्लब का मानना है कि किसी संवेदनशील मामले को सामने लाना, पीड़ित पक्ष की आवाज समाज और कानून के संज्ञान में लाना पत्रकार का पेशेवर दायित्व है। अभिषेक भारती ने इस मामले को सार्वजनिक कर एक गंभीर सवाल को समाज और प्रशासन के सामने रखा। यदि खबर की प्रस्तुति या उसके तथ्यों को लेकर किसी को आपत्ति है तो उसका जवाब तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के तहत दिया जाना चाहिए। खबर चलाने वाले पत्रकार को ही कठघरे में खड़ा करना और उसे निशाना बनाने की कोशिश किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

नाबालिग बच्ची की शिकायत पर दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन उसी प्रकरण में पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के घटनाक्रम को भी गंभीरता से देखा जाना जरूरी है। आशंका यह है कि कहीं पत्रकार को खबर प्रकाशित करने की कीमत तो नहीं चुकानी पड़ रही है। पुलिस को इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

रांची प्रेस क्लब स्पष्ट करता है कि किसी व्यक्ति पर लगे गंभीर आरोपों पर खबर प्रकाशित-प्रसारित करना पत्रकार का अधिकार ही नहीं, लोकतंत्र के प्रति उसका दायित्व भी है। यदि पत्रकारों को ऐसे मामलों में खबर चलाने के कारण मुकदमों और कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, तो यह स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए खतरनाक स्थिति होगी।

रांची प्रेस क्लब मांग करता है कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्षता से समीक्षा और जांच की जाए। उन्हें अनावश्यक रूप से प्रताड़ित या भयभीत नहीं किया जाए। साथ ही, नाबालिग बच्ची से जुड़े मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो। प्रेस क्लब स्पष्ट करता है कि यदि पत्रकार को खबर प्रकाशित करने के कारण दुर्भावनापूर्ण मंशा या किसी षड्यंत्र के तहत निशाना बनाने, प्रताड़ित करने अथवा उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है, तो रांची प्रेस क्लब और राज्य के पत्रकार संगठन इसका पुरजोर विरोध करेंगे। पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में पत्रकार को निर्भीक होकर सत्ता से सवाल पूछने का अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा के लिए पत्रकार संगठन एकजुट होकर खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *