बिरसा मुंडा की जयंती पर सरना समितियों ने समाधि स्थल पर अर्पित की श्रद्धांजलि, हेमंत सरकार पर साधा निशाना
रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को विभिन्न सरना एवं आदिवासी संगठनों ने कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय सरना समिति, जनजाति सुरक्षा मंच, क्षेत्रीय सरना समिति, भगवान बिरसा मुंडा स्मारक न्यास समिति और झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति, धुर्वा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बाजे-गाजे के साथ पहुंचे लोगों ने पुष्प अर्पित कर धरती आबा को नमन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने किया। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्षों में पहली बार राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की तिथि में बदलाव किया गया है। यह राज्य के गौरवशाली इतिहास और आदिवासी अस्मिता के प्रति अनादर है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य की जनता इसका जवाब देगी।
जनजाति सुरक्षा मंच के संयोजक संदीप उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के शोषण, अत्याचार और दमन के खिलाफ उलगुलान किया था। उन्होंने अबुआ राज की स्थापना का सपना देखा था। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
मुखिया सोमा उरांव ने कहा कि सरकार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, झारखंड का 26वां स्थापना दिवस और छठ महापर्व एक साथ मनाना चाहिए था। ऐसा करने से महान पूर्वजों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होती। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई है।
कार्यक्रम में अशोक मुंडा, विश्वकर्मा पहान, बालेश्वर पहान, गुरुचरण मुंडा, मुनेश्वर, अमन मुंडा, पीयूष मुंडा, संजय कुमार, नामित हेंब्रम, मोहन मुंडा, पिंकु साहू, पिंटू पासवान सहित कई लोग उपस्थित थे।



