महज 2 सेंटीमीटर का पीपल का पत्ता बना छठ महापर्व का जीवंत कैनवास, तीन घंटे की साधना से मधुरेंद्र ने रच दिया आस्था का अद्भुत संसार
भागलपुर। कभी विशाल रेत के मैदान पर रामकथा उकेरने वाले बिहार के चर्चित कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने इस बार अपनी कला का ऐसा सूक्ष्म संसार रचा है, जिसे देखकर आंखें ठहर जाती हैं। उन्होंने महज 2 सेंटीमीटर के एक नन्हे से हरे पीपल के पत्ते को अपना कैनवास बनाकर उस पर छठ महापर्व का पूरा दृश्य जीवंत कर दिया है। इस छोटे से पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की सामूहिक छवि उकेरने में उन्हें लगातार तीन घंटे तक साधना करनी पड़ी। कलाकृति में अंग्रेजी के शब्दों में ‘हैप्पी छठ पूजा’ भी अंकित है।मधुरेंद्र की इस कलाकृति की खासियत सिर्फ उसका छोटा आकार नहीं, बल्कि वह बारीकी है, जिसके साथ उन्होंने छठ की आस्था को प्रकृति की गोद में उतार दिया है। पीपल के पत्ते की प्राकृतिक बनावट और उसकी महीन नसों के बीच इतनी सूक्ष्म आकृतियों को उकेरना उनके धैर्य, एकाग्रता और असाधारण कलात्मक कौशल का परिचय देता है। जहां एक ओर छठ घाटों पर सूर्योपासना का दृश्य श्रद्धा से सराबोर होता है, वहीं मधुरेंद्र ने उसी दृश्य को एक नन्हे से पत्ते पर समेटकर कला का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मधुरेंद्र कुमार का कहना है कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की हमारी प्राचीन परंपरा भी है। इस महापर्व में सूर्य, जल और प्रकृति की भूमिका हमें जीवन के वास्तविक आधार का स्मरण कराती है।उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि छठी मैया और भगवान भास्कर सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का प्रकाश फैलाएं तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बना रहे।
मधुरेंद्र कुमार की कला का दायरा जितना विशाल है, उसकी सूक्ष्मता भी उतनी ही उल्लेखनीय है। अयोध्या के दीपोत्सव 2026 में उन्होंने चार सहयोगियों के साथ रामकथा पार्क में सरयू नदी के तट पर करीब 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची भव्य राम दरबार एवं राम मंदिर की रेत कलाकृति तैयार कर सुर्खियां बटोरी थीं। लगभग 220 टन सरयू की रेत से बनी इस विशाल कलाकृति को आकार देने में सात दिनों का कठिन परिश्रम लगा था।
एक ओर 220 टन रेत से तैयार 58 फीट की विशाल कलाकृति और दूसरी ओर महज 2 सेंटीमीटर के पीपल के पत्ते पर छठ का सूक्ष्म संसार – मधुरेंद्र की कला के ये दोनों रूप उनकी रचनात्मकता की व्यापकता को दर्शाते हैं। रेत हो या पेड़ का पत्ता, मधुरेंद्र प्राकृतिक सामग्रियों को अपनी कल्पनाशीलता, धैर्य और साधना से कला का माध्यम बनाते हैं।



