कांग्रेस विधायक दल की बैठक, शीतकालीन सत्र को लेकर बनाई रणनीति, कानून व्यवस्था, विस्थापन आयोग और बेरोजगारी जैसे मुद्दे रहे केंद्र में
गणादेश,रांची : झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित सभी 16 विधायक और मंत्री मौजूद रहे। बैठक करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें सदन के भीतर विपक्ष के सवालों का जवाब किस रणनीति के तहत दिया जाएगा, इस पर विस्तृत मंथन हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने विधानसभा में जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का निर्णय लिया है। प्रदीप यादव ने बताया कि बैठक में विस्थापन आयोग, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और रोजगार सृजन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की सहयोगी है और जनता की समस्याओं को दूर कराना उसकी जिम्मेदारी है। इन मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने की बात पर सहमति बनी है।
प्रदीप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जहां भाजपा की सरकार नहीं होती, वहां पार्टी आर्थिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि सभी ज्वलंत मुद्दों पर सत्तापक्ष के विधायकों की संयुक्त बैठक में भी विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि सदन में एकजुट होकर सरकार की नीतियों को मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके।
बैठक के बाद विधायक और मंत्री मीडिया से दूरी बनाते नजर आए, जबकि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस कल से शुरू हो रहे सत्र में जनता की आवाज मजबूती से उठाएगी। बैठक में विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप,प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका सिंह पाण्डेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की,इरफान अंसारी सहित कई विधायक मौजद थे।



