लोक आस्था का महापर्व छठ का पहला अर्घ्य आज,राजधानी पटना सहित सभी जिले में श्रद्धालुओं में उत्साह

पटना : लोक आस्था का महापर्व छठ का आज पहला अर्घ्य है। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व छठ संपन्न हो जाएगा। बीते शनिवार रात खरना का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो चुका है। रविवार सुबह से ही पटना समेत पूरे बिहार की गलियों और सड़कों पर बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीत गूंज रहे हैं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। आज शाम व्रती नदी और तालाब के घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। दोपहर बाद से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगेगी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय लोग सुबह से ही पटना की सड़कों की धुलाई और सफाई में जुटे हुए हैं, ताकि व्रतियों को घाट तक जाने में कोई परेशानी न हो।
पंचांग के अनुसार आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को शाम 05:24 बजे तक अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि कल सुबह उगते सूर्य को 06:40 बजे के बाद अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा। ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस बार छठ महापर्व पर ग्रह-गोचरों का बेहद मंगलकारी संयोग बन रहा है। आज रविवार के दिन षष्ठी तिथि होने के कारण यह अतिशुभकारी हो गया है। शाम के अर्घ्य के समय सर्वार्थ सिद्धि और रवियोग का संयोग रहेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कलयुग के प्रत्यक्ष देवता भगवान भास्कर को जल से अर्घ्य देने पर मानसिक शांति और जीवन में तरक्की मिलती है। लाल चंदन और फूल के साथ अर्घ्य देने से यश की प्राप्ति होती है, वहीं जल में गुड़ मिलाकर सूर्यदेव को अर्पित करने से पुत्र और सौभाग्य का वरदान मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *