उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रांची: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। अहले सुबह तीन से चार बजे से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही सुबह भगवान भास्कर ने दर्शन दिए, छठव्रतियों ने विधि-विधान के साथ उन्हें अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही व्रतियों ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
अर्घ्य के बाद छठ घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ का प्रसाद वितरित किया और भगवान सूर्य से परिवार में सुख, शांति, धन-धान्य, संतान की खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों को लौटे और परिजनों, रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरण का सिलसिला शुरू हुआ।
इधर, पर्व के दौरान छठ घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जमशेदपुर के स्वर्णरेखा नदी घाट, दोमुहानी संगम, सूर्य मंदिर छठ घाट और खरकई नदी समेत विभिन्न घाटों पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। एनडीआरएफ की टीम, गोताखोर और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य श्रद्धालुओं की सहायता में तैनात रहे। प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से छठ महापर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



