वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन, जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने बच्चों के उत्साह की सराहना की
खूंटी : रांची में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और रामकृष्ण मिशन आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। मोराबादी स्थित आश्रम परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में अखंडानंद शिक्षा एवं संस्कार केंद्रों के लगभग 250 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में कक्षा केजी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस और योगा सहित कई खेल आयोजित किए गए। सभी प्रतिभागियों ने ऊर्जा और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। वहीं सेल के ए.पी. दुबे ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
आश्रम के स्वामी स्वपान महाराज ने खेलों को शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक बताया और बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अंत में विजेताओं को शील्ड, मेडल और योगा मैट देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।



