तिरुपति अपार्टमेंट में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व
रांची: कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अपार्टमेंट की छत पर स्थायी रूप से निर्मित कृत्रिम छठ कुंड में छठ व्रती अनु सिन्हा ने पूरे विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य की उपासना की। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। महापर्व के अवसर पर तिरुपति अपार्टमेंट के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात अगले दिन प्रातःकाल व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों, भक्ति और श्रद्धा से भक्तिमय हो उठा। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच छठ महाप्रसाद का वितरण किया गया।इस अवसर पर तिरुपति सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिन्हा एवं पूर्व सचिव संजय सर्राफ ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें सूर्यदेव एवं प्रकृति की उपासना के साथ-साथ अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन आपसी प्रेम, सद्भाव और पारिवारिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर तिरुपति अपार्टमेंट की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे और पूरे श्रद्धाभाव से महापर्व में सहभागी बने।



