कर्रा प्रखंड में जेंडर अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन
गणादेश,खूंटी : खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड में जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेसिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा प्रखंड कर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जागरूकता रैली कर्रा प्रखंड कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मोहल्लों से होते हुए कर्रा चौक तक पहुंची। रैली के दौरान महिलाओं ने जेंडर अभियान से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया। “सहेंगे नहीं, कहेंगे”, “आधा भारत नारी है, फिर भी क्यों बेचारी है” और “महिला हिंसा बंद करो” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश गूंजता रहा।
इस मौके पर जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि नई चेतना कार्यक्रम के अंतर्गत जेंडर अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए पहल करना है। अभियान के तहत जेंडर आधारित हिंसा, बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
महिलाओं ने बताया कि यह जेंडर अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है और समाज को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कर्रा प्रखंड कार्यालय परिसर में रंगोली बनाकर जेंडर समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया। आयोजन में मौजूद अधिकारियों और महिलाओं ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि समाज से जेंडर भेदभाव और महिला हिंसा को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।



