हिंदी फिल्म ‘नदिया के पार’ की गुंजा 19-20 को रांची में, रत्न श्री पुरस्कार करेंगी वितरित

गणादेश,रांची : भारतीय कला, संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से स्टोरी लाइन इंडिया द्वारा भव्य “रत्न श्री पुरस्कार” समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 20 दिसंबर को रांची के ऑड्रे हाउस में आयोजित होगा। समारोह की खास बात यह है कि हिंदी सिनेमा की सुपरहिट फिल्म नदिया के पार से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री साधना सिंह ‘गुंजा’ मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में रांची पहुंचेंगी और पुरस्कारों का वितरण करेंगी।

स्टोरी लाइन इंडिया की फाउंडर एवं रत्न श्री पुरस्कार की मुख्य आयोजिका ने बताया कि साधना सिंह ने अपने सहज, संवेदनशील और प्रभावशाली अभिनय से भारतीय सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई है। उनकी मौजूदगी से न सिर्फ कार्यक्रम की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि युवा कलाकारों और सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान कला, साहित्य, शिक्षा, समाज सेवा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को “रत्न श्री पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन व्यक्तित्वों को समर्पित है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए हैं।

आयोजकों ने जानकारी दी कि संभवतः यह झारखंड में पहली बार हो रहा है, जब रत्न श्री पुरस्कार के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी रांची पहुंच रहे हैं। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ झारखंड के धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, मुरी, गुमला, हजारीबाग सहित राज्य के कई अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। इन सभी को अभिनेत्री साधना सिंह ‘गुंजा’ के हाथों सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *