रांची के नए एसएसपी राकेश रंजन ने संभाला पदभार, डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने दिया चार्ज
गणादेश, रांची : राजधानी रांची को नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में राकेश रंजन मिल गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने उनको चार्ज दिया। पदभार संभालते ही एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा कि अपराध पर नियंत्रण और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी ने अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक की। इसमें उन्होंने जिले में अपराध की मौजूदा स्थिति, नक्सल प्रभावित इलाकों की गतिविधियां, ट्रैफिक जाम की समस्या और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि थानों में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और हर शिकायत का त्वरित निपटारा किया जाए।
एसएसपी ने कहा कि रांची पुलिस को जनता का सहयोग चाहिए। बिना जनसहयोग के अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी असामाजिक तत्वों की गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शराब तस्करी, अवैध खनन और सड़कों पर लूट-छिनतई जैसे अपराधों पर नकेल कसने की रणनीति बनाने की बात भी कही।
रांची में जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को और मजबूत किया जाएगा। जहां-जहां जाम की स्थिति अधिक रहती है, वहां विशेष चौकसी और तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे। उनका मकसद है कि राजधानी रांची को सुरक्षित और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था वाला शहर बनाया जाए।



