मुरहू कलेक्टर संघ की वार्षिक आमसभा सम्पन्न, महिलाओं के स्वावलंबन पर जोर
गणादेश,खूंटी : मुरहू प्रखंड के पड़ाहा सभागार में शुक्रवार को मुरहू कलेक्टर संघ स्वावलंबी संस्था की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रखंड उप प्रमुख अरुण कुमार साबू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि मुरहू पंचायत की मुखिया श्रीमती ज्योति ढोढराय और गोंडाटोली पंचायत की मुखिया श्रीमती परती टूटी भी मौजूद रहीं।कार्यक्रम में जेएसएलपीएस, वाटर संस्था, झरिया महिला मंडल और प्रगति महिला मंडल की दीदियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
सभा में बीते वर्ष के दौरान महिला समूहों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही नई दीदियों को जोड़ने, बैंकों से लोन उपलब्ध कराने, समय पर लोन की अदायगी सुनिश्चित करने और मुर्गी पालन, बकरी पालन, सूअर पालन जैसे आजीविका के साधनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और कई मामलों में उनसे आगे निकल रही हैं। उन्होंने बताया कि मुरहू प्रखंड में महिला समूहों की संख्या बढ़कर लगभग 12,700 हो गई है। इन समूहों ने बैंकिंग लेन-देन और आजीविका संबंधी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में मुरहू कलेक्टर संघ की योजनाओं से और अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।



