झारखंड में स्थापना दिवस से ज्यादा चर्चा झारखंड आंदोलनकारियों के उपवास की है: बाउरी

रांची: भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने सरकार के विकास वाले बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की सत्ताधारी दल निर्जल हो कर अपनी ब्रांडिंग कर रही है। कल स्थापना दिवस था, जनजातीय गौरव दिवस था, आस्था का महापर्व छठ था, और आज प्रेस दिवस है। कल जिस तरह से पूरे दिन हेमंत जी की पुलिस ने तांडव किया है, ये किसी से छुपा हुआ नहीं है। झारखंड में स्थापना दिवस से ज्यादा चर्चा झारखंड आंदोलनकारियों के उपवास की है। आज झारखंड के छब्बीस साल होने से ज्यादा चर्चा निशा भगत की मृत्यु की है। कांग्रेस के विधायक के दुष्कर्म की घटना की चर्चा है। लॉ एंड ऑर्डर को पूरी तरह से धराशायी करके कैसे एक पीड़िता को एक आरोपी के घर ले जाकर, मंत्री के रहते हुए मैनेज करने की कोशिश है और इन सारी बातों की सच्चाई को सामने लाने वाले पत्रकार और पत्रकार की संस्था पर पुलिस की दबिश है। यह सरकार बेलगाम हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज खबर मिल रही है कि सरकार अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के जश्न को मनाना चाह रही है। सरकार रिम्स 2 के उस जगह पर सरकार अपने कार्यकाल का 2 वर्ष का कार्यक्रम कर रही है जहां पुलिस ने लाठी डंडे के बल पर आदिवासियों की जमीन को लूटा और उन्हें खून के आंसू रुलाये।
प्रदेश महामंत्री ने साफ तौर पर कहा कि सरकार के विकास का एक स्याह, काला सच है, जिन आदिवासियों के नाम पर इस सरकार ने सत्ता प्राप्त की है, आज उनको खून के आंसू बहाने को मजबूर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *