सांसद और विधायकों ने अपने-अपने गृह क्षेत्रों के घाटों पर दिया अर्घ्य, विधायक शुभानंद मुकेश ने किया छठ व्रत

भागलपुर। छठ महापर्व के दौरान जनप्रतिनिधियों की आस्था और सहभागिता देखने को मिली। लोक आस्था के इस महापर्व पर भागलपुर के सांसद, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों ने अपने-अपने गृह क्षेत्रों के छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। सांसद ने अपने आवास के निकट छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच मिश्री, फल, चाय एवं शरबत का वितरण भी किया।

मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल जाह्नवी गंगा घाट पर पहुंचे और छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं, मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने सोमवार को दिनभर पटना में रहने की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की।

भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने अपने गृह क्षेत्र घोघा स्थित गंगा की उपधारा कटरिया धार में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। वहीं, पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान ने पीरपैंती स्थित नदी घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की।

दूसरी ओर, विधायक शुभानंद मुकेश ने अपनी पत्नी के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान किया। उन्होंने निर्जला उपवास रखकर अपने घर में निर्मित कृत्रिम तालाब में सूप उठाया और पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा की। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य से अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक के घर खरना के दिन भी प्रसाद ग्रहण करने के लिए जिले भर से श्रद्धालु पहुंचे थे।
छठ महापर्व के अवसर पर जनप्रतिनिधियों की आस्था और सहभागिता देखने को मिली। सभी ने लोक आस्था के इस महापर्व पर समाज में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *