फिर आनंद मोहन जेल से बाहर आए, बेटे की सगाई में शामिल होंगे

सहरसा : डीएम हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व सांसद बाहुबली आनंद मोहन एक बार फिर पैरोल पर 15 दिन के लिए सोमवार शाम को जेल से बाहर आए हैं। छह महीने में तीसरी बार वे जेल से बाहर आए हैं। इस बार उन्हें अपने बेटे राजद विधायक चेतन आनंद की सगाई समारोह में शामिल होने के लिए 15 दिनों का पैरोल मिला है।
राजद विधायक चेतन आंनद का उपनयन 16 अप्रैल और सगाई 24 अप्रैल को है। शादी 3 मई को देहरादून में होने वाली है। पैरोल पर जेल से बाहर आते ही आनंद मोहन सबसे पहले अपनी बीमार मां का हाल चाल जानने के लिए निजी क्लिनिक गए। इसके बाद अपने निजी आवास पर चले गए। यहां अपने कार्यकर्ताओं से वो मिले।
बता दें कि इसके पूर्व आनंद मोहन को बेटी सुरभि आनंद की सगाई पर 5 नवंबर 2022 को पैरोल पर बाहर आने का मौका मिला था। सगाई 7 नवंबर को हुई थी। 21 नवंबर को पैरोल खत्म होते ही वह जेल चले गए। इसके बाद दूसरी बार पैरोल पर अपनी बेटी की शादी पर 5 फरवरी को बाहर आए थे। सुरभि आनंद की शादी 15 फरवरी को थी। इसके बाद 21 फरवरी को पैरोल खत्म होते ही वह जेल चले गए।
जेल से बाहर आने पर आनंद मोहन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बेटे का उपनयन और सगाई को लेकर 15 दिनों का पैरोल मिला है। इस दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किया कि उन्हें कब तक स्थाई रिहाई की उम्मीद है, तो उन्होंने बताया कि वह इसका जवाब नहीं दे सकते। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से लोग इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ये तो मेरे वश की बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *