भूषण बाड़ा मामले में झामुमो ने की निष्पक्ष जांच की मांग, कहा- जांच पूरी होने तक इंतजार करें

रांची: सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर आदिवासी नाबालिग के कथित यौन शोषण और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो विधायक विकास मुंडा और सुदीप गुड़िया ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। मामले की सच्चाई सामने आने तक सभी को इंतजार करना चाहिए।
विधायक विकास मुंडा ने कहा कि आदिवासी नाबालिग के साथ कथित यौन शोषण का मामला बेहद गंभीर है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष भी दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और झामुमो चाहता है कि जांच जल्द से जल्द निष्पक्ष तरीके से पूरी हो। किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए और कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए।
विकास मुंडा ने इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा गलत नैरेटिव के आधार पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामले में जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है।
वहीं, विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि इसके पीछे किसी तरह का षड्यंत्र है, तो उसकी भी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। झामुमो निष्पक्ष जांच के पक्ष में है और चाहता है कि पूरे मामले का सच सामने आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *