भागलपुर के रंगमंच को मिली राष्ट्रीय पहचान, केंद्र सरकार की रेपर्टरी ग्रांट योजना के लिए ‘संबंध थिएटर ग्रुप’ अनुशंसित

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। आर्थिक अभाव और सीमित संसाधनों के बीच वर्षों से रंगमंच की अलख जगाने वाले भागलपुर के कलाकारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर की नाट्य संस्था ‘संबंध थिएटर ग्रुप’ को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की गुरु-शिष्य परंपरा (रेपर्टरी ग्रांट) योजना के तहत आर्थिक सहायता के लिए अनुशंसित किया गया है। भागलपुर के रंगमंच जगत के लिए इसे एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
16 नवंबर 2026 को जारी संस्कृति मंत्रालय की मूल्यांकन समिति की कार्यवाही में संस्था का नाम शामिल होना इस सफलता की आधिकारिक कड़ी है। इस उपलब्धि के पीछे संस्था से जुड़े रितेश रंजन और उनकी पूरी टीम का वर्षों का संघर्ष, मेहनत, समर्पण और रंगमंच के प्रति अटूट विश्वास रहा है।
दरअसल, भागलपुर की मिट्टी में कला, साहित्य और संस्कृति की समृद्ध परंपरा रही है। यहां के रंगकर्मियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और मेहनत से रंगमंच को जीवंत बनाए रखा है। लेकिन इस चमक के पीछे आर्थिक अभाव की एक लंबी कहानी भी रही है। कलाकारों को नाटक तैयार करने से लेकर उसके मंचन तक कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। रिहर्सल, मंच सज्जा, वेशभूषा, प्रकाश व्यवस्था और कलाकारों के पारिश्रमिक तक के लिए जरूरी संसाधन जुटाना आसान नहीं होता था।
ऐसे में केंद्र सरकार की रेपर्टरी ग्रांट योजना के तहत संबंध थिएटर ग्रुप का अनुशंसित होना नई उम्मीद लेकर आया है। यह उपलब्धि केवल एक संस्था की सफलता नहीं, बल्कि उन तमाम रंगकर्मियों के संघर्ष और समर्पण का सम्मान है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी भागलपुर के रंगमंच की लौ बुझने नहीं दी। रेपर्टरी ग्रांट योजना के माध्यम से रंगमंचीय गतिविधियों को प्रोत्साहन, कलाकारों को आर्थिक सहयोग और गुरु-शिष्य परंपरा के जरिए नाट्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। ऐसे में इस योजना से जुड़ना भागलपुर में रंगमंच की गतिविधियों को नई दिशा देने वाला कदम साबित हो सकता है।
इस उपलब्धि के पीछे रितेश रंजन और उनकी पूरी टीम की निरंतर मेहनत और प्रतिबद्धता की अहम भूमिका रही है। उनकी इस सफलता से शहर के रंगकर्मियों, कला प्रेमियों और सांस्कृतिक जगत में उत्साह का माहौल है।
उम्मीद है कि इस पहल से भागलपुर में नाट्य गतिविधियों को नियमितता मिलेगी, कलाकारों को बेहतर मंच और सम्मानजनक पारिश्रमिक के अवसर प्राप्त होंगे तथा नई पीढ़ी भी रंगमंच से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी। वास्तव में यह उपलब्धि सिर्फ ‘संबंध थिएटर ग्रुप’ की नहीं, बल्कि भागलपुर के हर उस कलाकार की है, जिसने अभावों और कठिनाइयों के बीच भी रंगमंच की परंपरा को जीवित रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *