मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेमरा गांव से क्या संदेश दिया….
रांची: झारखंड के मुखिया हेमंत सोरेन इन दिनों नेमरा में हैं। वे अपने पिता सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के दशकर्म कार्यक्रम में हैं और उन्हें अगले नौ दिनों तक नेमरा में ही रहना है। प्रकृति की गोद में बसा नेमरा गांव में अपने दादाजी सोबरन मांझी की शहादत और बाबा दिवंगत शिबू सोरेन की यादों से जुड़ी चीजों को समेटने और उसका अवलोकन करने का मुख्यमंत्री को मौका मिल रहा है। नेमरा गांव के बागान और गलियों में अपने ग्रामीणों के बीच जाकर बचपन की यादों को ताजा कर रहे हैं।
गुरुवार को सीएम हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक और ट्विटर पर एक फोटो और कुछ आर्टिकल को पोस्ट किया है।
सीएम ने लिखा है….नेमरा की यह क्रांतिकारी और वीर भूमि, दादाजी की शहादत और बाबा के अथाह संघर्ष की गवाह है। यहां के जंगलों, नालों-नदियों और पहाड़ों ने क्रांति की उस हर गूंज को सुना है – हर कदम, हर बलिदान को संजोकर रखा है।
नेमरा की इस क्रांतिकारी भूमि को शत-शत नमन करता हूँ।
वीर शहीद सोना सोबरन मांझी अमर रहें!
झारखण्ड राज्य निर्माता वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें!



