वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में शामिल होने खूंटी कांग्रेस का जत्था दिल्ली रवाना

गणादेश,खूंटी : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” महारैली में शामिल होने के लिए खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा कर रहे हैं।
दिल्ली प्रस्थान से पूर्व कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि यह महारैली लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की गरिमा और जनता के जनादेश के सम्मान के लिए आयोजित की जा रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वर्तमान केंद्र सरकार ने चुनावी प्रक्रिया और जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए सत्ता का दुरुपयोग किया है, जिसके खिलाफ देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं।
रैली में शामिल होने के लिए खूंटी से रवाना होने वालों में पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गोप, कुणाल कमल कच्छप, प्रनीत तोपनो, शिब्लू खान सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। नेताओं ने कहा कि दिल्ली की इस महारैली के माध्यम से केंद्र सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि यह रैली देश की राजनीति में एक मजबूत संदेश देगी और जनता की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *